सोलन : सोलन के खुंडीधार स्थित टेगौर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि इसकी अध्यक्षता प्रोफेसर टीडी वर्मा ने की। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रह :
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तरीके से किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यातिथि एएसपी रमेश शर्मा ने पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने अपनी उपलब्धियों का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन को दिया।
इस अवसर पर मुख्यातिथि एएसपी रमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक चुनौतियों और अपने आसपास होने वाली गतिविधियों के प्रति भी जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या बनता जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक कार्यों में उपयोग करना चाहिए। उन्होंने साइबर सुरक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। एएसपी ने विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह देते हुए कहा कि अनजान लोगों के साथ अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड और ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और ऑनलाइन धोखाधड़ी अथवा साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया।
स्कूल की प्रधानाचार्य ललिता पंवार ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर स्कूल में आयोजित शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्कूल का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित करना है। उन्होंने स्कूल की विभिन्न उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रोफेसर टीडी वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य निर्धारित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ तैयारी करना भी जरूरी है। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से ही विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।
स्कूल के निदेशक डॉ. बीएस पंवार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने हिमाचली नाटी के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया, वहीं राजस्थानी लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुति ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा विद्यार्थियों ने अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। यह कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन की ओर से मुख्यातिथि, अध्यक्ष और अन्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। वार्षिक समारोह विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और वर्षभर की उपलब्धियों का उत्सव मनाने का यादगार अवसर बना।





