Home » Uncategorized » राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में मनाया गया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह…

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में मनाया गया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह…

लाइव हिमाचल/ हेमेंद्र कंवर/नालागढ़ : नालागढ़ उपमंडल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में 30 अक्टूबर 2026 को धूमधाम से वार्षिक परितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामयी समारोह में नालागढ़ के विधायक सरदार हरदीप सिंह बाबा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जिसमें पंजैहरा स्कूल क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम, दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद स्कूल की प्रधानाचार्य संगीता ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और मुख्य अतिथि सहित आए अन्य गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें भांगड़ा, गिद्दा और पारंपरिक नाटी ने दर्शकों का मन मोह लिया। मंच का संचालन कर रहे हिंदी प्रवक्ता डॉ. जयपाल ठाकुर ने पहाड़ी लोक गीत गाकर समा बांध दिया, जिसकी मुख्य अतिथि ने भी भरपूर प्रशंसा की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर स्कूल का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई और हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन का सबसे बड़ा धन है, जिसे कोई बांट या छीन नहीं सकता। साथ ही, उन्होंने पंजैहरा स्कूल के बच्चों की प्रस्तुतियों की विशेष सराहना की। कार्यक्रम के अंत में स्कूल के लिए विशेष योगदान देने वाले कॉमर्स प्रवक्ता श्याम लाल और शारीरिक अध्यापक रामपाल को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य संगीता ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों और समस्त स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान ग्राम पंचायत पंजैहरा के प्रधान राम कुमार शर्मा, उप प्रधान, एसएमसी प्रधान सदन पाल, पंचायत सदस्यों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में बच्चों के माता-पिता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *