लाइव हिमाचल/कुल्लू : भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने कुल्लू में आयोजित भाजपा जिला संगठन की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। बैठक में जिला संगठन की कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों की सक्रियता, बूथ समितियों के सत्यापन तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ अध्यक्षों, समिति सदस्यों और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बैठकों तक सीमित रहने के बजाय कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा। उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में 575 बूथ और 165 ग्राम केंद्र हैं। जिले के 12 मंडलों में विस्तारक पहुंच चुके हैं और बूथ सशक्तिकरण अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि विस्तारक प्रत्येक बूथ पर पूरा एक दिन बिताकर घर-घर संपर्क करेंगे तथा बूथ समिति और विभिन्न मोर्चों के सदस्यों का व्यक्तिगत सत्यापन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुरानी सूचियों के आधार पर औपचारिकता पूरी करने के बजाय वास्तविक सक्रियता की जांच होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि बूथ समितियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अन्य संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े कार्यकर्ताओं की जानकारी सत्यापित की जाए। इस कार्य को 15 से 20 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश प्रभारी ने जिला पदाधिकारियों से विस्तारकों के कार्य की दैनिक समीक्षा करने तथा सक्रिय और निष्क्रिय बूथ समितियों एवं ग्राम केंद्र प्रमुखों की अलग-अलग सूची तैयार कर जिला अध्यक्ष को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और वर्तमान में संगठनात्मक दायित्व से मुक्त कार्यकर्ताओं से भी संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया।कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹1500 देने की गारंटी, बंद हुई योजनाओं, पंचायतों के विकास कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर भाजपा मंडल एवं जिला स्तर पर आवाज उठाएगी। प्रत्येक मंडल स्थानीय मुद्दों की पहचान कर जनहित में प्रदर्शन आयोजित करेगा।
श्रीकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चिट्टे का बढ़ता कारोबार और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विषयों पर जनजागरण और लोकतांत्रिक विरोध कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा सड़क संपर्क, स्वास्थ्य, पर्यटन और आपदा सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी भी जनता तक पहुंचाएं। बैठक में जिला अध्यक्ष अमित सूद, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक लोपेंद्र, वरिष्ठ नेता अजय राणा सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





