हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए बड़ा दावा किया है कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के 16 मौजूदा विधायकों को हार का सामना करना पड़ेगा। शिमला में दिए अपने बयान में सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा चाहे जितने भी आरोप लगा ले, लेकिन अंतिम फैसला प्रदेश की जनता को करना है और उनकी सरकार के पास अभी 13 महीने का कार्यकाल शेष है जिसमें हर वर्ग के विकास पर पूरा जोर दिया जा रहा है। प्रदेश भाजपा की आंतरिक कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी इस समय पांच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है, जहाँ एक गुट तो नेता प्रतिपक्ष को ही हटाने की जुगत में लगा है ताकि उनके विधायक दूसरे गुट में न चले जाएं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा कि वे केवल सुर्खियां बटोरने और दिल्ली में अपने नेताओं, विशेषकर अमित शाह को अखबारों की कटिंग दिखाने के लिए रोजाना अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।




