लाइव हिमाचल/शिमला: कांग्रेस पार्टी की हिमाचल प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार को शिमला में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के राम लीला मैदान में होने जा रही विशाल रैली पूरी तरह से देश के संविधान को बचाने के लिए आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस रैली में हिमाचल प्रदेश से भी हजारों की संख्या में लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे. इस दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता में मौजूद माकपा नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें भी इस राष्ट्रीय रैली में शामिल होने का खुला आह्वान किया. इस प्रेसवार्ता में हरियाणा के पूर्व मंत्री राव दान सिंह ने कहा कि देश को बचाना है तो वोट को बचाना होगा. इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, माकपा नेता राकेश सिंघा, पूर्व मेयर संजय चौहान और एआईसीसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे. माकपा नेता राकेश सिंघा ने जोर देकर कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती संविधान और लोकतंत्र को बचाने की है, जिसके लिए सभी ताकतों को एक साझा मंच पर आना होगा. पूर्व मेयर संजय चौहान ने भी प्रदेश के सभी संगठनों से आगामी 1 नवंबर को दिल्ली की इस ऐतिहासिक रैली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है।




