शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल (पुरुष एवं महिला) के पदों पर भर्ती के लिए हमीरपुर जिले में शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षण (PST/PET) 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षण भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक, अणु (हमीरपुर) में होगा, जिसमें कुल 6,248 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। आयोग ने सभी पात्र अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर उनकी यूजर आईडी पर अपलोड कर दिए हैं तथा एसएमएस और ई-मेल के जरिए भी सूचित कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत 29 अक्टूबर को करवाचौथ के उपलक्ष्य में अवकाश रहेगा। जिला भर्ती समिति की ओर से शारीरिक परीक्षण का परिणाम उसी दिन प्रदर्शित किया जाएगा, और यदि किसी अभ्यर्थी को परिणाम से असंतोष है तो वह अगले दिन दोपहर 12 बजे तक अपील दर्ज करा सकता है। एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।





