लाइव हिमाचल/हेमेंद्र कंवर/कसौली: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोयला में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) आवासीय शिविर का सातवें दिन समापन समारोह उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत गोयला की प्रधान निर्मला देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की
समापन समारोह में ग्राम पंचायत प्रधान निर्मला देवी, विद्यालय के प्रधानाचार्य सोहन लाल ठाकुर तथा इतिहास प्रवक्ता रविन्द्र कुमार शर्मा ने स्वयंसेवियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियों को शिविर के दौरान सीखी गई बातों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। यह शिविर के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों की घोषणा की गई। लड़कों के वर्ग में परमजीत को प्रथम, अनिरुद्ध राणा को द्वितीय तथा गौरव को तृतीय सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी घोषित किया गया। वहीं, लड़कियों के वर्ग में नीकिता को प्रथम तथा ललिता को द्वितीय सर्वश्रेष्ठ तथा भूमिका को तृतीय सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवी चुना गया।
इस अवसर पर कंजियारा निवासी सेवानिवृत्त कनिष्ठ अभियंता राजिन्द्र सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्वयंसेवियों को क्रमशः 300 रुपये, 150 रुपये और 100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि अपनी ओर से प्रदान की। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज सेवा और रचनात्मक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना रहा। एनएसएस शिविर के सफल आयोजन के लिए विभिन्न अतिथियों ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। ग्राम पंचायत प्रधान निर्मला देवी ने 1,100 रुपये, उपप्रधान गुरुदेव ने 1,200 रुपये, पंजाब नेशनल बैंक गोयला के प्रबंधक श्री मनसा राम जी ने 3,100 रुपये तथा शाखा डाकपाल घनश्याम भारद्वाज ने 500 रुपये का योगदान दिया। अतिथियों के इस सहयोग से शिविर के प्रति उनकी सहभागिता एवं विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन की भावना प्रदर्शित हुई। समारोह में स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गुरुदेव, वार्ड सदस्य रक्षा वर्मा, महिला मंडल कार्यकर्ता फूलवंती, अन्य अभिभावक तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सात दिनों तक चले इस आवासीय शिविर में स्वयंसेवियों ने प्रभात फेरी, योगाभ्यास, स्वच्छता अभियान, श्रमदान, अतिथि व्याख्यान तथा अन्य जागरूकता गतिविधियों में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और आर्थिक बचत जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त हुई। इस कार्यक्रम के अंत में डॉ. संदीप आंगरा ने मुख्य अतिथि, सभी वक्ताओं, गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया। इसी के साथ सात दिवसीय एनएसएस आवासीय शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।





