लाइव हिमाचल/कुमारहट्टी: डगशाई की ऐतिहासिक रामलीला में भारतीय जनता पार्टी के जिला सचिव सुनील कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने डगशाई रामलीला क्लब के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बीते 60-70 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही यह रामलीला हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है। इस अवसर पर सुनील कश्यप ने बच्चों और युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवा शक्ति शिक्षा, खेलकूद और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन में अपनाए, क्योंकि एक नशामुक्त और संस्कारवान युवा ही स्वस्थ तथा सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है। वहीं इस कार्यक्रम में अनिल ठाकुर, तरसेम ठाकुर, रामलीला क्लब के सदस्य एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





