Home » Uncategorized » भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने 153वें IPU सम्मेलन में सहभागिता संपन्न की, अनुराग सिंह ठाकुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मिल्टन डिक को दी बधाई…

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने 153वें IPU सम्मेलन में सहभागिता संपन्न की, अनुराग सिंह ठाकुर ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष मिल्टन डिक को दी बधाई…

लाइव हिमाचल/हमीरपुर : पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने ऑस्ट्रेलिया की प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष मिल्टन डिक को अंतर-संसदीय संघ का नया अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल संसदीय कूटनीति, लोकतंत्र और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने के लिए नवनिर्वाचित अध्यक्ष के साथ मिलकर कार्य करने को उत्सुक है। तंजानिया के अरुशा में आयोजित 153वें अंतर-संसदीय संघ सम्मेलन के समापन दिवस पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय भागीदारी की। सम्मेलन की समापन प्रक्रिया के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने IPU के नए अध्यक्ष के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो अंतरराष्ट्रीय विधायी प्रक्रियाओं और वैश्विक कूटनीतिक प्रयासों में भारत की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने अपराजिता सारंगी, सस्मित पात्रा, संजय जायसवाल, के.जे. शेखर, लता, बिजुली के. मेधी और एन.के. प्रेमचंद्रन सहित अपने संसदीय सहयोगियों के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करने को सम्मान की बात बताया।
सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सुशासन, समावेशिता, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति लचीलापन, लोकतंत्र और वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भारत का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा। अरुशा में भारत की भागीदारी ने यह रेखांकित किया कि संसदीय कूटनीति विश्व समुदाय के साथ भारत के निरंतर संवाद और सहयोग का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
सम्मेलन ने विभिन्न देशों के संसदीय प्रतिनिधियों को साझा वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, पर्यावरणीय प्राथमिकताओं और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *