शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अक्टूबर की शुरुआत में रोहड़ू और रामपुर क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के साथ जनसंवाद करेंगे। 1 अक्टूबर को शिमला से रोहड़ू पहुँचकर मुख्यमंत्री इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स ग्राउंड से एंटी चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाएंगे और चिरगांव में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद भटवारी गांव में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।दौरे के दूसरे दिन 2 अक्टूबर को भटवारी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री रामपुर के शिंगला पहुँचेंगे। यहाँ विकास कार्यों के शिलान्यास व नोग वैली के लोगों से संवाद के बाद वे काशा गांव में बस स्टैंड परिसर में जनसभा करेंगे और पट गांव में रात्रि ठहराव करेंगे। दौरे के अंतिम दिन 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री नोगली में जनसभा को संबोधित करेंगे और रामपुर के पदम उत्कृष्ट स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद करने के साथ एंटी चिट्टा रैली में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर को वे हेलीकॉप्टर से शिमला वापस लौटेंगे।





