Home » ताजा खबरें » बारिश ने रोकी हेलीकॉप्टर की उड़ान, सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुए सीएम सुक्खू, नीति आयोग की बैठक में लेंगे हिस्सा

बारिश ने रोकी हेलीकॉप्टर की उड़ान, सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुए सीएम सुक्खू, नीति आयोग की बैठक में लेंगे हिस्सा

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हुए। शिमला में लगातार बारिश के कारण मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं मिल सकी। मुख्यमंत्री को सुबह ही दिल्ली रवाना होना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा और दोपहर बाद वह गाड़ी से दिल्ली के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री 28 और 29 सितंबर को दिल्ली में होने वाली नीति आयोग की बैठक में हिमाचल प्रदेश का पक्ष रखेंगे। बैठक में प्रदेश की आर्थिक स्थिति से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय योजनाओं के तहत प्रदेश को मिलने वाले बजट को समय पर जारी करने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के 29 सितंबर को शिमला लौटने का कार्यक्रम है। दिल्ली प्रवास के दौरान उनके कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और हाईकमान से मुलाकात करने की भी संभावना है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से संभावित मुलाकात को हिमाचल मंत्रिमंडल में नए मंत्री को शामिल किए जाने से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मुख्यमंत्री के 30 सितंबर को रोहड़ू जाने की संभावना है। यहां ‘एक शाम गांव के नाम’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *