लाइव हिमाचल/सोलन: जिला सोलन पत्रकार संघ की दो दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। मेन्स सिंगल्स के फाइनल मुकाबले में संजय हिंदवान ने ललित कश्यप को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। दोनों सेटों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अहम मौकों पर बेहतर खेल दिखाते हुए हिंदवान ने जीत दर्ज की। करीब दो साल बाद उन्होंने एक बार फिर सिंगल्स का फाइनल जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जबकि डबल्स के फाइनल में भी संजय हिंदवान और मोहन चौहान की जोड़ी विजेता रही। दोनों ने ललित कश्यप और विवेक भारती की जोड़ी को हराकर खिताब जीता। सिंगल्स में तीसरे स्थान पर रहे तोमर ठाकुर को 1100 रुपए नगद और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं डबल्स में विशाल वर्मा और कमलेश कुमार की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही, जिन्हें 1100 रुपए और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। महिला सिंगल्स में भावना ने विजेता का खिताब जीता। उन्हें 1100 रुपए और ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता रीता को 500 रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रतियोगिता का समापन समारोह हिमानी होटल में आयोजित किया गया। अरविंद कंवर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पत्रकार इन चुनौतियों के बीच बेहतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद भी पुराने पत्रकार हैं और इस आयोजन में किसी अतिथि के तौर पर नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि खेल और स्वास्थ्य का आपस में गहरा संबंध है। पत्रकारों को अपने व्यस्त कामकाज के साथ खेलों के लिए भी समय निकालना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 31 हजार रुपए देने की घोषणा की। वहीं विशेष अतिथि जसवीन सिंह लांबा ने 11 हजार रुपए देने की घोषणा की। इसके आलावा क्लोजिंग सेरेमनी में गुरप्रीत सिंह और विजेंद्र सिंह चंदेल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समारोह में सबसे पहले प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरुष सिंगल्स के विजेता संजय हिंदवान को ट्रॉफी के साथ 2500 रुपए नकद पुरस्कार दिया गया। उपविजेता ललित कश्यप को 1500 रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई। डबल्स विजेता संजय हिंदवान और मोहन चौहान की जोड़ी को 3100 रुपए और ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता ललित कश्यप और विवेक भारती की जोड़ी को 2100 रुपए व ट्रॉफी प्रदान की गई।
पत्रकार कलम के साथ मैदान के भी खिलाड़ी : पुनीत वर्मा
जिला सोलन पत्रकार संघ के अध्यक्ष पुनीत वर्मा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन तभी सफल होते हैं, जब सभी सदस्य बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने मैदान में जिस तरह खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, उससे साबित होता है कि पत्रकार केवल कलम के ही माहिर नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। स्पोर्ट्स कमिटी के अध्यक्ष वेद आर्य ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। क्लोजिंग सेरेमनी में भानु वर्मा, पवन ठाकुर, संजय हिंदवान, सुखदर्शन ठाकुर,अमित डोभाल,मोहन चौहान, अमित चोपड़ा,अमरप्रीत पुंज,वेद आर्या,धर्मेन्द्र डडवाल, ललित कश्यप, धर्मपाल ठाकुर,एसपी शर्मा,अशोक वर्धन, हेमंत अत्रि,रीता, भावना ओबरोय, प्रीति शर्मा, भाविता जोशी, कमलेश कुमार, तोमर ठाकुर, दीप कुमार, दीपक ठाकुर, सतीश दीप्टा, ह्रदयाल, राम कुमार, राजेश राज, विवेक भारती, सुनील कुमार, सुरेन्द्र भट्टी मौजूद रहे।




