लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार के कार्मिक विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के दो वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश तत्काल प्रभाव से जारी किए हैं। कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव एम. सुधा देवी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 2016 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग चंदर शर्मा, जो अब तक तैनाती का इंतजार कर रहे थे, को हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC), धर्मशाला का नया प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। वहीं, 2017 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. राजीव कुमार को एचपीटीडीसी धर्मशाला के प्रबंध निदेशक पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है और उन्हें आगामी पोस्टिंग के लिए कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।





