लाइव हिमाचल/सोलन : प्रोजेक्ट प्वाइंट उड़ीसा की हिमाचल यूनिट सोलन ने मेरा युवा भारत (माई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सोलन के सीनियर सेकंडरी स्कूल भोज आंजी के सहयोग से स्कूल परिसर में युवा कनेक्ट कार्यक्रम – ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘नशा मुक्त युवा’ पहल के अंतर्गत 100 सप्ताह के अभियान के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में युवाओं की सार्थक सहभागिता को बढ़ावा देना था। इस मौके पर सभी स्कूली बच्चों ने नशा न करने की प्रतीज्ञा ली।
स्कूल प्रिंसिपल अशोक कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील किया। उन्होंने नशे की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने में युवाओं की भूमिका पर बल दिया।
प्रोजेक्ट प्वाइंट के हिमाचल समन्वयक यशपाल कपूर ने बताया कि यह कार्यक्रम नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ के 100 सप्ताह के अभियान का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य युवाओं में जागरूकता, सहभागिता एवं स्वयंसेवा की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस मौके पर स्कूल स्टाफ से कल्पना परमार,राखी मेहरा, राधा सूद, विजय कुमारी, जया मैनी, मीना जिंटा, सतेंद्र कुमार, शैलेंद्र चौहान, लक्ष्य चंदेल, रमेश कुमार शर्मा, अंजना राणा, पल्लवी, विद्या,लक्ष्मी, चंद्रकला व दीपीवली समेत अन्य मौजूद रहे।



