Home » Uncategorized » आयुर्वेद दिवस 2026: सोलन में 22-23 सितंबर को आयुष मेले की तैयारियां पूरी – डॉ. नीशा पंवार व डॉ. अनीता गौतम

आयुर्वेद दिवस 2026: सोलन में 22-23 सितंबर को आयुष मेले की तैयारियां पूरी – डॉ. नीशा पंवार व डॉ. अनीता गौतम

लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा जागरूकता गतिविधियों और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में 22 और 23 सितंबर को मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 22 सितंबर को इंटर-स्कूल प्रतियोगिताओं से होगी, जिसमें स्कूली विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी (क्विज), स्लोगन लेखन और योग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में समाजसेवी उर्मिल ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद 23 सितंबर को एक विशाल आयुष मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक तेजस्वी विजय आजाद करेंगे, जबकि समापन समारोह में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस मेले में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई जागरूकता पंडाल और प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। इनमें औषधीय पौधे, संतुलित आहार और पोषण तथा स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, मेले में आए लोगों के लिए निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य जांच शिविर और बीएमडी (Bone Mineral Density) जांच की विशेष सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. नीशा वर्मा पंवार ने बताया कि इस वर्ष आयुर्वेद दिवस “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के तहत मनाया जा रहा है, जो बीमारियों के बचाव और दीर्घकालिक वेलनेस में आयुर्वेद की भूमिका को रेखांकित करता है। वहीं, जिला आयुर्वेदिक अस्पताल की प्रभारी डॉ. अनीता गौतम ने जानकारी दी कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों अधिकारियों ने जिलावासियों से अपील की है कि वे 23 सितंबर को आयोजित आयुष मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और आयुष सेवाओं का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *