शिमला: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की सैंज घाटी में एनएचपीसी पार्वती जल विद्युत परियोजना (चरण-2) के एडिट-5 टनल से अचानक भारी पानी का रिसाव हो गया। टनल से निकले मटमैले पानी और मलबे ने पालचरा व थल्यारू गांव में तबाही मचाई, जिससे कई घर, दुकानें, होमस्टे और खेत जलमग्न हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, मलबे की चपेट में आने से दो मकान दब गए और एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए इस रिसाव से गांव में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से देर रात करीब 11 बजे प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस घटना में ग्रामीण डावेराम, जयराम, गंगा राम, ठाकुर दास और लुदर चंद के संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पंकज शर्मा और परियोजना प्रमुख रणजीत सिंह प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिला परिषद सदस्य विभा सिंह और रैला-2 पंचायत के उपप्रधान मोती राम ने बताया कि इस टनल से रिसाव की यह तीसरी घटना है, जिससे ग्रामीणों की जान-माल और फसलों को लगातार खतरा बना हुआ है। स्थानीय प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने प्रशासन और एनएचपीसी प्रबंधन से नुकसान का तत्काल सटीक आकलन कराने, प्रभावितों को त्वरित मुआवजा देने और इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने की मांग की है।



