लाइव हिमाचल/मंडी: मंडी पुलिस ने सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर चंडीगढ़ की एक बेसहारा युवती को प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर पांच महीने तक शारीरिक शोषण करने, धोखाधड़ी और चोरी के आरोप में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी समीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी और मकान बनाने का बहाना बनाकर उससे 70 हजार रुपये नकद व सोने के गहने ऐंठ लिए और उसे चंडीगढ़ तथा मंडी में किराए के कमरों में रखकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस चौकी में समझौता करने का नाटक करने के बाद आरोपी साक्ष्य मिटाने की नीयत से पीड़िता का 80 हजार रुपये का आईफोन छीनकर फरार हो गया। मुजफ्फरनगर पुलिस से ट्रांसफर होकर आई जीरो एफआईआर के आधार पर मंडी पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाकर अदालत में धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवा दिए हैं। फिलहाल, दुष्कर्म और धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस की विशेष टीम फरार आरोपी और उसके परिजनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।





