Home » Uncategorized » एम्स कोठीपुरा में तीमारदारों के सामान पर हाथ साफ करने वाले दो युवक गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद

एम्स कोठीपुरा में तीमारदारों के सामान पर हाथ साफ करने वाले दो युवक गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद

लाइव हिमाचल/मंडी: बिलासपुर जिले में स्थित प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थान एम्स कोठीपुरा के ए-ब्लॉक में मरीजों के तीमारदारों को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। 14 सितंबर तड़के करीब तीन बजे चोरी की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हमीरपुर जिले की भोरंज तहसील के लगमनवी निवासी शिवम और जाहू निवासी साहिल खान को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से बरामद बैग की तलाशी लेने पर 43,340 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसे तीमारदारों से उड़ाया गया था। थाना सदर बिलासपुर में मामला दर्ज कर जब पुलिस ने आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो सामने आया कि साहिल खान एक आदतन अपराधी है, जिस पर थाना भराड़ी में भी बाइक चोरी का मामला दर्ज है। हैरत की बात यह है कि आरोपी साहिल महज दो दिन पहले ही जबली जेल से कोर्ट की जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही उसने फिर से अपराध को अंजाम दे डाला। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी द्वारा जमानत की शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस अदालत में उसकी जमानत रद्द करवाने की अर्जी दाखिल करेगी। फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि एम्स परिसर में हुई चोरी की अन्य वारदातों और इनके संभावित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *