Home » Uncategorized » अब 3,000 रुपये में मिलेगा सरकारी गेस्ट हाउस का कमरा, ऑनलाइन बुकिंग के लिए नए नियम लागू

अब 3,000 रुपये में मिलेगा सरकारी गेस्ट हाउस का कमरा, ऑनलाइन बुकिंग के लिए नए नियम लागू

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए नई दिल्ली, चंडीगढ़ और शिमला स्थित चार प्रमुख सरकारी गेस्ट हाउसों के 24 कमरों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत इन कमरों का किराया 4,000 रुपये से घटाकर सभी करों सहित 3,000 रुपये प्रति दिन कर दिया गया है, जिनकी बुकिंग ‘हिम अतिथि’ पोर्टल के माध्यम से की जा सकेगी। इनमें हिमाचल भवन व हिमाचल सदन (नई दिल्ली), हिमाचल भवन (चंडीगढ़) और विली पार्क सर्किट हाउस (शिमला) के कुल 24 कमरे शामिल हैं। पोर्टल पर इन कमरों की बुकिंग आगमन की तारीख से अधिकतम तीन दिन पहले 3,000 रुपये का अग्रिम भुगतान करके की जा सकेगी, जिसके लिए नेट बैंकिंग, यूपीआई, क्यूआर कोड और डेबिट-क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध है। चेक-इन समय से 24 घंटे पहले बुकिंग रद्द करने पर 10 प्रतिशत की कटौती के बाद शेष राशि रिफंड कर दी जाएगी, जबकि विभाग द्वारा रद्द किए जाने पर पूरी राशि वापस मिलेगी। इन विशेष कमरों को छोड़कर शेष अन्य कमरों का किराया 1,200 रुपये प्रति दिन (करों सहित) पहले की तरह ही रहेगा। पारदर्शिता और सुगमता के लिए प्रत्येक कार्य दिवस पर दोपहर 12 बजे लगभग 40 प्रतिशत और शाम 5 बजे शेष 60 प्रतिशत कमरे ऑनलाइन बुकिंग के लिए खोले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *