शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने किन्नौर जिले और इसके तीन ब्लॉकों में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की कवायद शुरू करते हुए मौजूदा कार्यकारिणियों को भंग कर दिया है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का कहना है कि इन कमेटियों का गठन उनकी राय के बिना किया गया था, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के अनुसार कार्यकारिणियों के गठन में कुछ विसंगतियां थीं, जिन्हें दूर करने के बाद नई टीमों की घोषणा की जाएगी। दरअसल, मंत्री जगत सिंह नेगी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी के बीच काफी समय से मतभेद चल रहे हैं। नेगी ने भंडारी की नियुक्ति पर खुलकर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया था कि उनसे सलाह नहीं ली गई और पार्टी में भाजपा के ‘स्लीपर सेल’ सक्रिय हैं। हालांकि, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की समझौते की कोशिशें नाकाम रहीं, लेकिन इस विवाद के बीच निगम भंडारी ने नई दिल्ली में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। इसके बाद रिकांगपिओ में पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान भंडारी ने नेगी की सराहना करते हुए स्वीकार किया था कि उन्होंने किन्नौर में कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया है।





