Home » Uncategorized » स्वाइन फ्लू का मामला आने से शिमला में हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

स्वाइन फ्लू का मामला आने से शिमला में हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

लाइव हिमाचल/शिमला: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में जिला कुल्लू की छह माह की बच्ची के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने का मामला सामने आया है। तेज बुखार की शिकायत के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लाए थे, जहां डॉक्टरों की सलाह पर कराए गए सैंपल टेस्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। फिलहाल डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में बच्ची का उपचार जारी है। इस मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने पुष्टि करते हुए अस्पतालों को वायरल मरीजों की रैंडम सैंपलिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता को विशेष रूप से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने, साबुन से बार-बार हाथ धोने, और छींकते समय मुंह-नाक ढकने जैसी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। स्वाइन फ्लू के मुख्य लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, थकान और बच्चों में सांस लेने में तकलीफ या सुस्ती शामिल हैं। विशेषज्ञों ने हिदायत दी है कि लक्षण दिखने पर बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें और हालत गंभीर होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *