Home » Uncategorized » हिमाचल में तेजी से पैर पसार रहा कैंसर: हर साल 16 हजार नए मामले, रेड मीट, कीटनाशक और धूम्रपान बने मुख्य कारण

हिमाचल में तेजी से पैर पसार रहा कैंसर: हर साल 16 हजार नए मामले, रेड मीट, कीटनाशक और धूम्रपान बने मुख्य कारण

 लाइव हिमाचल/शिमला: देवभूमि हिमाचल प्रदेश में रेड मीट का अत्यधिक सेवन, फसलों व सेब के बगीचों में रसायनों का इस्तेमाल और धूम्रपान जैसी आदतें अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगी हैं। आईजीएमसी शिमला के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा किए गए अध्ययन और जून 2026 में ‘मेडलेटर’ जर्नल में प्रकाशित शोध के अनुसार, प्रदेश में कैंसर के मामले राष्ट्रीय औसत 0.6 फीसदी के मुकाबले 2.2 फीसदी की चिंताजनक दर से बढ़ रहे हैं। राज्य के अस्पतालों में हर साल करीब 16 हजार नए कैंसर मरीज सामने आ रहे हैं, जिनमें आंत, स्तन और ओरल कैंसर के मामले सबसे अधिक हैं। हालांकि, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को जोड़ें तो वास्तविक आंकड़ा इससे कहीं अधिक हो सकता है। अध्ययन के अनुसार 58 से 67 वर्ष के बुजुर्गों के साथ-साथ 38 से 57 वर्ष की मध्यम आयु वर्ग की महिलाओं में भी कैंसर का जोखिम तेजी से बढ़ रहा है। चिकित्सकों और विशेषज्ञों के अनुसार हिमाचल में कैंसर के बढ़ते मामलों के पीछे कई बड़े कारण जिम्मेदार हैं। रेड मीट और असंतुलित खान-पान जहाँ आंत के कैंसर का मुख्य कारण बन रहा है, वहीं सेब के बगीचों और सब्जियों में कीटनाशकों तथा रासायनिक खादों का अंधाधुंध इस्तेमाल खाद्य पदार्थों और पानी को जहरीला बना रहा है। इसके अलावा बीड़ी, सिगरेट और हुक्के का सेवन पुरुषों में फेफड़ों व गले के कैंसर का बड़ा कारण है। बदलती जीवनशैली, वायु प्रदूषण और घटती शारीरिक गतिविधियों ने भी इस बीमारी के खतरे को कई गुना बढ़ा दिया है। हालांकि, जांच और रेफरल सुविधाओं में सुधार होने से अब दूरदराज के लोग भी समय पर अस्पताल पहुंच पा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कैंसर का सही समय पर पता चल जाए तो इसका इलाज पूरी तरह संभव और अधिक प्रभावी हो सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को नियमित डॉक्टरी जांच और मैमोग्राफी करवानी चाहिए। वहीं, पुरुषों को शरीर में किसी भी तरह की असामान्य गांठ या लंबे समय तक रहने वाले लक्षणों पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। इसके साथ ही संतुलित जीवनशैली अपनाकर, धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाकर और रेड मीट का सीमित सेवन करके इस जानलेवा बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *