लाइव हिमाचल/मंडी: मंडी जिले के उपमंडल करसोग में माहूनाग के समीप बुधवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार मोहन सिंह मेहरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनीत और चुड़ामणी नाम के दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में दोनों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है तथा दो अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।





