लाइव हिमाचल/सोलन: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में बच्चों को आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल आपदा प्रबंधन कमेटी के प्रभारी श्री जसपाल डी०पी०ई० ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के लिए बनाई गई सात अलग-अलग कमेटियों, उनके प्रभारियों और उनके कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही बच्चों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप और भूस्खलन के दौरान सुरक्षित रहने के व्यावहारिक उपाय भी सिखाए गए। जागरूकता सत्र के दौरान घरेलू हादसों से निपटने के तरीके भी बताए गए, जैसे रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने पर किस प्रकार अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) का प्रयोग कर उसे नियंत्रित किया जाए। वहीं भूकंप के दौरान खुद को बचाने के लिए सिर ढकने, और इमारत से निकलकर किसी खुले मैदान या सुरक्षित स्थान पर जाने की तकनीक बताई गई, जहाँ कोई बिजली के खंभे, तार या भारी पेड़ न हों।

इसके बाद स्कूल की प्रधानाचार्या संगीता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और त्वरित फैसले ही जान बचा सकते हैं। सत्र के बाद आपदा स्थिति का यथार्थवादी अभ्यास कराने के लिए एक लंबी घंटी बजाकर मॉक ड्रिल शुरू की गई। घंटी सुनते ही सभी छात्र-छात्राएं अनुशासित तरीके से अपनी कक्षाओं से निकलकर बाहर खुले मैदान में एकत्र हुए। इस दौरान घायल बच्चों को स्ट्रैचर और पीठ पर उठाकर मैदान तक पहुँचाने और प्राथमिक उपचार देने का जीवंत प्रदर्शन किया गया। इस पूरी गतिविधि के दौरान स्कूल की प्रधानाचार्या सहित समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने बच्चों के इस अभ्यास को सराहा।





