लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश से एक बड़ी और विचलित करने वाली खबर सामने आ रही है, जहाँ हिमाचल पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइन्स’ की महिला सिंगर कांस्टेबल दीपिका डिप्रेशन के चलते अस्पताल में भर्ती हो गई हैं और उन्होंने रोते हुए अपना दर्द बयां किया है। यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब शिमला के कथित पहाड़ी गायक गोपी जैक्स ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस बैंड के सस्पेंडेड इंस्पेक्टर विजय कुमार और दो महिला सिंगरों—दीपिका व कृतिका—पर गंभीर आरोप लगाए और खुलेआम बॉडी शेमिंग करते हुए कहा कि ‘वे 120 किलो की हैं और 1 फीट भी नहीं कूद सकतीं’। इस शर्मनाक बयान और लगातार हो रहे मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर दोनों महिला कांस्टेबलों ने शिमला के बीसीएस थाने में गोपी जैक्स के खिलाफ मानहानि, आपराधिक साजिश, धमकी और अपनी गरिमा को ठेस पहुंचाने की संयुक्त शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने अंततः एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





