Home » Uncategorized » वाईएस परमार विश्वविद्यालय नौणी में एटीसी-241 का शुभारंभ, 505 एनसीसी कैडेट्स लेंगे प्रशिक्षण…

वाईएस परमार विश्वविद्यालय नौणी में एटीसी-241 का शुभारंभ, 505 एनसीसी कैडेट्स लेंगे प्रशिक्षण…

लाइव हिमाचल/सोलन : वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) में प्रथम हिमाचल प्रदेश (ब्वॉयज) एनसीसी बटालियन द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-241) का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर के उद्घाटन अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजीव थॉमस तथा प्रशासनिक अधिकारी कर्नल ए.एस. सिद्धू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए आगामी 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भरपूर लाभ उठाने और अनुशासन व समर्पण की भावना के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों से आए 505 एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन/विंग के कैडेट्स भाग ले रहे हैं। शिविर के सफल संचालन के लिए लगभग 15 एसोसिएट एनसीसी अधिकारी (एएनओ) एवं शिक्षक तैनात किए गए हैं, जो कैडेट्स के प्रशिक्षण, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। अपने संबोधन में कर्नल राजीव थॉमस ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कैडेट्स से आग्रह किया कि वे शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में पूरे उत्साह के साथ भाग लें और एनसीसी के आदर्श वाक्य “एकता और अनुशासन” को अपने जीवन में अपनाएं। वहीं कर्नल ए.एस. सिद्धू ने बताया कि शिविर में कैडेट्स के रहने, भोजन, स्वास्थ्य तथा प्रशिक्षण से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके। 10 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण एवं फायरिंग, मैप रीडिंग, व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन व्याख्यान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक सेवा गतिविधियां तथा अन्य सैन्य एवं साहसिक प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स के शारीरिक, मानसिक एवं नेतृत्व कौशल का विकास किया जाएगा। शिविर के पहले दिन एनसीसी की वर्दी में सजे कैडेट्स ने पूरे जोश और देशभक्ति के उत्साह के साथ उद्घाटन समारोह में भाग लिया तथा सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाए। उद्घाटन दिवस का समापन कैडेट्स के उच्च उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *