शिमला: सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने पूर्व विधायक राजिंदर राणा द्वारा उहल-ककड़ वाया जंगल बैरी सड़क को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे प्रचार को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने की राजनीति अब ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली। उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों तक क्षेत्र के विकास के नाम पर केवल दावे करते रहे, आज वही लोग फिर सोशल मीडिया के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
कैप्टन ने कहा कि पूर्व विधायक ने अपने निजी फेसबुक पेज पर इस सड़क के निर्माण को लेकर पत्र जारी कर ऐसा दर्शाने का प्रयास किया है मानो इस सड़क के लिए अब पहल की जा रही हो। जबकि यह भी सर्वविदित है कि वे पहले स्वयं दावा करते रहे हैं कि इस सड़क की डीपीआर उनके कार्यकाल में तैयार हो चुकी थी। यदि ऐसा था तो आज फिर उसी सड़क के लिए पत्र लिखने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? जनता इस विरोधाभास का उत्तर चाहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक निर्माण विभाग के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार उहल-ककड़ वाया जंगल बैरी सड़क की डीपीआर दिनांक 29 जनवरी 2026 को तैयार कर शिमला भेजी जा चुकी है। विभाग का आधिकारिक पत्र इसका प्रमाण है, जिसे सार्वजनिक भी किया जा रहा है। जो कि हमारे कार्यकाल में हुआ है।सड़क की स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है और प्रदेश सरकार से इसके शीघ्र स्वीकृत होने की पूरी उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि कुछ लोगों की राजनीति केवल फेसबुक पोस्ट, प्रेस बयान और सुर्खियां बटोरने तक सीमित रह गई है, जबकि हमारी राजनीति धरातल पर विकास कार्यों को साकार करने की है। जनता खोखले दावों से नहीं, बल्कि वास्तविक कार्यों से प्रभावित होती है। पिछले समय में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में जिन विकास कार्यों को गति मिली है, वे स्वयं इस बात के प्रमाण हैं कि हमारी सरकार और जनप्रतिनिधि केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि उन्हें अमलीजामा भी पहनाते हैं। कैप्टन राणा ने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना का स्वागत है, लेकिन जनता को भ्रमित करने, आधी-अधूरी जानकारी प्रस्तुत करने और हर विकास कार्य का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास उचित नहीं है। यदि किसी विषय पर बोलना ही है तो तथ्यों और आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर बोलना चाहिए।





