Home » Uncategorized » 15 लाख केमिस्ट्स की देशव्यापी हड़ताल: सोलन में दवा दुकानें बंद, जानें क्या है पूरा मामला ?

15 लाख केमिस्ट्स की देशव्यापी हड़ताल: सोलन में दवा दुकानें बंद, जानें क्या है पूरा मामला ?

लाइव हिमाचल/सोलन: ई-फार्मेसी (ऑनलाइन दवा बिक्री) प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती मनमानी और उनके द्वारा दी जाने वाली भारी डिस्काउंटिंग के खिलाफ देश भर के दवा विक्रेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। ‘ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स’ (AIOCD) के आह्वान पर आज यानी बुधवार को देशव्यापी 24 घंटे की हड़ताल की घोषणा की गई है, जिसके चलते देश भर की करीब 15 लाख दवा दुकानें पूरी तरह से बंद हैं। इस देशव्यापी बंद का व्यापक असर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में भी साफ देखा जा रहा है। सुबह से ही केमिस्टों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए हैं और मुख्य द्वारों पर अपनी मांगों से संबंधित नोटिस चस्पा कर दिए हैं। इस अचानक हुई महाहड़ताल के कारण गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके तीमारदारों को जरूरी दवाइयां खरीदने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। जिससे आम और खास हर वर्ग को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। दवा विक्रेताओं का आरोप है कि बिना कड़े नियमों के चल रहे ऑनलाइन ई-फार्मेसी ऐप्स न सिर्फ उनके पारंपरिक रोजगार को खत्म कर रहे हैं, बल्कि नियमों को ताक पर रखकर दवाओं की अनियंत्रित बिक्री भी कर रहे हैं, जिस पर सरकार को तत्काल प्रभाव से लगाम लगानी चाहिए। जिला सोलन के सभी केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री, बिना डॉक्टर की पर्ची दवाएं देने और ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट नीति के खिलाफ विरोध जताएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से भेजेंगे। इसमें ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने और छोटे केमिस्ट के हित बचाने की मांग उठाई जाएगी। जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सूद का कहना है कि दवाएं कोई सामान्य सामान नहीं हैं। बिना सही जांच के ऑनलाइन दवाएं बेचना लोगों की सेहत के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों की भारी छूट से छोटे मेडिकल स्टोरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि इन नियमों का गलत इस्तेमाल कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म दवाओं की तेजी से होम डिलीवरी कर रहे हैं। केमिस्ट्स ने सरकार से मरीजों की सुरक्षा और छोटे लाइसेंस धारी मेडिकल स्टोरों के हितों की रक्षा के लिए जल्द सख्त कदम उठाने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *