Home » Uncategorized » अवैध शराब माफिया पर शिमला पुलिस का शिकंजा, रामपुर समेत कई इलाकों में छापेमारी…

अवैध शराब माफिया पर शिमला पुलिस का शिकंजा, रामपुर समेत कई इलाकों में छापेमारी…

शिमला:  जिला शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 12 मई को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद कर कई लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। जानकारी के अनुसार थाना चोपाल क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान रियूणी के पास एक कार से 120 बोतल देसी शराब बरामद की। इस मामले में दो युवकों को आरोपी बनाया गया है। वहीं पुलबाहल पुल के समीप एक अन्य वाहन से 72 बोतल देसी शराब भी जब्त की गई।
थाना रोहड़ू क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से विभिन्न ब्रांडों की 65 बोतल शराब और बीयर बरामद की। वहीं थाना ठियोग में जाइस क्षेत्र स्थित एक ढाबे पर दबिश देकर 30 बोतल अवैध देसी शराब जब्त की गई। इसके अलावा थाना सदर पुलिस ने सब्जी मंडी स्थित एक ढाबे से 8 बोतल देसी शराब बरामद की, जबकि थाना वेस्ट क्षेत्र के जुटोग में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 बोतल देसी शराब कब्जे में ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ जिला भर में अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी मामलों में आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है तथा मामलों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *