शिमला:हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने आज 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. 10वीं की परीक्षा में 93661 छात्र बैठे थे, जिनमें से 78150 छात्र पास हुए हैं, जबकि 6559 विद्यार्थी 10वीं की परीक्षा में फेल हुए हैं. इसके अलावा 8433 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है. इस साल 10वीं का रिजल्ट 83.87 प्रतिशत रहा है. हालांकि इस बार जून में एक बार फिर से दसवीं में कंपार्टमेंट वाले विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा, जिससे बच्चों को अपने अंक सुधारने का अवसर मिलेगा. हिमाचल प्रदेश की प्रोविजनल मेरिट सूची भी जारी की जाएगी, जिसमें जून में भी बदलाव होने के बाद फाइनल मेरिट सूची जारी होगी.
टॉप-10 में लड़कियों का दबदबा
इस बार भी 10वीं की परीक्षा परिणाम में टॉप 10 में लड़कियों का ही दबदबा रहा है. प्रदेशभर में 107 विद्यार्थियों ने टॉप -10 में जगह बनाई है, जिनमें से 83 छात्राएं शामिल हैं और 24 छात्र शामिल हैं. इस साल की टॉपर भी 699 अंकों के साथ एक छात्रा ही रही है. हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि छात्र बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट www.hpbose.org पर रिजल्ट चेक कर सकते हैं. एवीएम पब्लिक स्कूल पहाड़ा जिला कांगड़ा की अनमोल ने 699/700 अंक प्राप्त किए हैं और 99.86% के साथ प्रदेशभर में 10वीं में टॉप किया है. वहीं, बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा, ऊना के अभिनव मेहता और रूहानी धीमान ने 99.71% के साथ टॉप-10 में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि हमीरपुर की अश्विका शर्मा और मंडी की अलीशा ठाकुर ने 99.57% के साथ प्रदेशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।
रैंक-1: 699 अंक लाकर अनमोल बने पूरे हिमाचल के टॉपर
कांगड़ा जिले की रहने वाली अनमोल ने इस साल HPBOSE कक्षा 10वीं परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने 700 में से 699 अंक प्राप्त किए हैं. उनका प्रतिशत 99.86 रहा. अनमोल, ए वी एम एसआर सेकेंडरी स्कूल, पहरा की छात्रा हैं. सिर्फ एक अंक से परफेक्ट स्कोर से चूकने वाली अनमोल की सफलता ने पूरे प्रदेश को गर्व महसूस कराया है. रिजल्ट आने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है. बोर्ड चेयरमैन ने भी अनमोल की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी बड़ी सफलता लगातार मेहनत और फोकस का नतीजा है।
रैंक-2: अभिन्नव मेहता ने 698 अंक लाकर चमकाया ऊना का नाम
ऊना जिले के अभिन्नव मेहता ने 700 में से 698 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है. उन्होंने 99.71 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. अभिन्नव राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रापोह मिसरां के छात्र हैं. अभिन्नव की सफलता से उनके स्कूल और गांव में खुशी की लहर है।
रैंक-2: रोहानी धीमान भी 698 अंक के साथ बनीं सेकंड टॉपर
ऊना जिले की रोहानी धीमान ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 698 अंक हासिल किए हैं. उन्होंने भी 99.71 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है. रोहानी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रापोह मिसरां की छात्रा हैं.
रैंक-3: अश्विका शर्मा ने 697 अंक के साथ बनाई जगह
हमीरपुर जिले की छात्रा अश्विका शर्मा ने 697 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है. उनका पासिंग प्रतिशत 99.57% रहा. अश्विका नीलम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भिरू की छात्रा हैं. परिवार और स्कूल के शिक्षकों ने उनकी सफलता पर खुशी जताई है.
रैंक-3: आयुषा ठाकुर ने मंडी जिले का नाम किया रोशन
मंडी जिले की आयुषा ठाकुर ने भी 697 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है. वह ऑक्सफोर्ड स्कूल, कोटली की छात्रा हैं. आयुषा की सफलता से स्कूल और परिवार बेहद खुश हैं.
इस साल 83.87 प्रतिशत छात्रों ने मारी बाजी
इस साल HPBOSE कक्षा 10वीं की परीक्षा में कुल 83.87 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं. बोर्ड अधिकारियों ने कहा कि छात्रों ने इस बार शानदार प्रदर्शन किया है. रिजल्ट जारी होने के बाद स्कूलों और घरों में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है.
कैसे चेक करें HPBOSE कक्षा 10वीं रिजल्ट 2026?
छात्र हिमाचल प्रदेश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. वेबसाइट पर जाकर ‘Results’ सेक्शन में क्लिक करें और ‘HPBOSE 10th Result 2026’ लिंक खोलें. इसके बाद रोल नंबर दर्ज करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।




