लाइव हिमाचल/सोलन: सोलन पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। मॉल की पार्किंग से शुरू हुई जांच ने पंजाब के मुख्य सप्लायर को पहुंचाया सलाखों के पीछे। यह मामला 5 मई 2026 का है। जब जिला पुलिस की SIU टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विवंता मॉल की पार्किंग में दबिश दी। वहाँ एक TUV गाड़ी में सवार तीन युवक पुलिस के हत्थे चढ़े। तलाशी के दौरान इनके पास से 7.07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 29,000 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोलन के देवेंदर बत्ता और तेज सिंह, तथा शिमला के शुभम ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने न केवल आरोपियों को दबोचा, बल्कि वारदात में इस्तेमाल की गई TUV गाड़ी को भी ज़ब्त कर लिया। अदालत से मिले 4 दिन के रिमांड के दौरान पुलिस ने कड़ी पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच की सुई पंजाब के जीरकपुर की ओर घूमी। त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलन पुलिस ने जीरकपुर से मुख्य सप्लायर मनदीप को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 5.41 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद हुआ। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी तेज सिंह एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही हिमाचल और हरियाणा में चिट्टा तस्करी के 6 और IPC की धाराओं में 3 गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं देवेंदर बत्ता पर भी 2 पुराने मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले में अब तक कुल 4 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और 12.48 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। नशा माफिया पर पुलिस का यह प्रहार जारी है।





