
लाइव हिमाचल/अर्की/दाड़लाघाट: हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ छिड़ी जंग में सोलन पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला सोलन के अर्की थाना क्षेत्र में पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने आधी रात को जाल बिछाकर दो तस्करों को करीब आधा किलो अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला जिला सोलन के उपमंडल दाड़लाघाट का है, जहाँ 04 और 05 मई की दरम्यानी रात को SIU टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में रणनीतिक नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने नियमानुसार उनकी तलाशी ली, तो उनके बैग से 485 ग्राम अफीम बरामद हुई। वहीं आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय मुकेश कुमार (निवासी बिलासपुर, हि.प्र.) और 29 वर्षीय गौरव (निवासी कालका, हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (ND&PS Act) की धारा 18 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इनके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। सोलन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा। जनता से भी अपील की गई है कि यदि उनके आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधियां दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।





