
कुरुक्षेत्र: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) में पिछले 60 दिन में तीन छात्र और एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के मामलों के बाद हरियाणा महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। महिला आयोग की चार सदस्यीय टीम मंगलवार को एनआइटी परिसर का दौरा करेगी। टीम का नेतृत्व आयोग की अध्यक्षा रेणू भाटिया करेंगी, जो महिला छात्रावासों का निरीक्षण करने के साथ-साथ अधिकारियों से बातचीत भी करेंगी। आयोग ने एनआइटी प्रशासन को इस दौरे की सूचना दे दी है, जिसके बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है। हालांकि, वर्तमान में एनआइटी के छात्रावास खाली पड़े हैं, क्योंकि विद्यार्थियों की छुट्टियां चल रही हैं। उल्लेखनीय है कि 16 अप्रैल को छात्रा दीक्षा दूबे ने छात्रावास के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके अगले दिन, 17 अप्रैल की रात को एक अन्य छात्रा ने तनाव के चलते छात्रावास की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाने का प्रयास किया, जिसे अन्य छात्राओं ने बचा लिया। इससे पहले, एक छात्र ने 8 अप्रैल को और एक अन्य छात्र ने 31 मार्च को आत्महत्या की थी। विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद एनआइटी प्रशासन ने 17 अप्रैल से छुट्टियों की घोषणा की और 18 अप्रैल को छात्रावास खाली करने का नोटिस जारी किया। अब केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की टीम के बाद हरियाणा महिला आयोग की टीम एनआइटी पहुंचेगी।





