Home » Uncategorized » सगी बेटी का 20 से ज्यादा बार किया रेप, HC ने पलटी फांसी की सजा; अब ‘तिल-तिल कर मरेगा आरोपी…

सगी बेटी का 20 से ज्यादा बार किया रेप, HC ने पलटी फांसी की सजा; अब ‘तिल-तिल कर मरेगा आरोपी…

नेशनल डेस्क: मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै खंडपीठ ने एक ऐतिहासिक और दार्शनिक फैसला सुनाते हुए, अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ बार-बार दुष्कर्म करने वाले एक व्यक्ति की फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया है। जस्टिस एन. आनंद वेंकटेश और जस्टिस के.के. रामकृष्णन की खंडपीठ ने माना कि मृत्युदंड की तुलना में दोषी को उसके अपराध बोध के साथ जिंदा रखना और तिल-तिल कर मरने देना अधिक प्रभावी सजा है। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, हाईकोर्ट ने मौत की सजा पर एक विस्तृत दार्शनिक टिप्पणी की। अदालत ने कहा कि फांसी की सजा अंतिम, तात्कालिक और अपरिवर्तनीय है। यह न केवल जीवन को समाप्त कर देती है, बल्कि पश्चाताप या नैतिक सुधार की संभावना को भी खत्म कर देती है। अदालत ने माना कि दोषी को जिंदा रखकर उसे अपनी अंतरात्मा के साथ आजीवन संवाद करने के लिए छोड़ देना न्याय के उद्देश्यों को अधिक बेहतर ढंग से पूरा करता है। कोर्ट ने कहा, ‘जहां मृत्युदंड किताब को हमेशा के लिए बंद कर देता है, वहीं आजीवन कारावास अपराधी को अपने प्राकृतिक जीवन के अंत तक हर पन्ने को बार-बार पढ़ने के लिए मजबूर करता है। अदालत ने यह भी नोट किया कि मुर्गन नाम का यह दोषी पहले से ही अपने परिवार और समाज द्वारा पूरी तरह से त्याग दिया गया है और वह एक जीवित निर्वासन जैसी कठोर स्थिति का सामना कर रहा है, जो कि अपने आप में एक गंभीर सजा है।अदालत ने स्पष्ट किया कि मुर्गन को दी गई उम्रकैद की सजा उसके प्राकृतिक जीवन के अंत तक लागू रहेगी। उसे समय से पहले रिहाई का कोई अधिकार नहीं होगा। उसे सजा में छूट या किसी भी प्रकार की माफी नहीं मिलेगी। उसे अपनी मृत्यु तक जेल की सलाखों के पीछे ही रहना होगा। मुर्गन ने अपनी पत्नी की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर अपनी 14 वर्षीय सगी बेटी का यौन शोषण किया। पीड़िता ने अदालत को बताया कि उसके साथ 20 से अधिक बार यौन उत्पीड़न किया गया। यह दिल दहला देने वाला मामला 5 फरवरी, 2025 को तब सामने आया जब पीड़िता की मां ने बेटी के शरीर में कुछ बदलाव देखे और उसे डॉक्टर के पास ले गई। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि नाबालिग लड़की लगभग पांच महीने की गर्भवती थी। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसका सुरक्षित गर्भपात कराया गया। डीएनए (DNA) जांच से इस बात की अकाट्य पुष्टि हो गई कि भ्रूण का जैविक पिता मुर्गन ही था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *