हमीरपुर : हमीरपुर में एक गजब ठगी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग को बैंक लोन में गारंटर बना दिया गया, जबकि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी। हमीरपुर के मंझोट गांव निवासी दलीप चन्द 72 पुत्र ख्यालू राम ने पुलिस थाना सदर हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके नाम का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से बैंक लोन में गारंटर बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे पंजाब नेशनल बैंक दोसड़का शाखा के मैनेजर द्वारा सूचित किया गया कि वर्ष 2017 में एक व्यक्ति ने बैंक से लोन लिया था, जिसमें उसे गारंटर दर्शाया गया है। बताया जा रहा है लोन लेने वाले व्यक्ति ने किस्तें नहीं भरी हैं। इस कारण बैंक ने गारंटर का नंबर डायल किया तो बुजुर्ग के पांव तले से जमीन खिसक गई। दलीप चन्द के अनुसार उसने न तो किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं और न ही किसी व्यक्ति को अपनी केवाईसी या बैंक से संबंधित कोई जानकारी दी है। उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसे इस पूरे मामले की पहले कोई जानकारी नहीं थी और बैंक से सूचना मिलने के बाद ही यह मामला सामने आया। ऐसे में उसके नाम का इस प्रकार उपयोग किया जाना पूरी तरह से धोखाधड़ी का मामला प्रतीत हो रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सदर हमीरपुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि किन परिस्थितियों में बिना अनुमति के बुजुर्ग का नाम गारंटर के रूप में जोड़ा गया है।





