शिमला: जिला शिमला के थाना सुन्नी क्षेत्र में एक लापता युवक के शव की बरामदगी एवं पहचान का मामला सामने आया है। दिनांक 13-04-2026 को तत्तापानी निवासी एक राफ्टिंग ऑपरेटर द्वारा दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई कि घरयाणा के नीचे सतलुज नदी के किनारे एक मानव शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना सुन्नी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की सहायता से नदी में पेड़ों के बीच फंसे गली-सड़ी अवस्था के शव को बाहर निकाला गया। मौके पर शव का निरीक्षण किया गया तथा उसे कब्जा पुलिस में लेकर पहचान एवं पोस्टमार्टम हेतु नागरिक अस्पताल सुन्नी के शवगृह में सुरक्षित रखा गया।प्रारंभिक जांच में शव के कपड़े एवं हुलिया दिनांक 21-12-2025 को दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट के विवरण से मेल खाते पाए गए। इसके बाद परिजनों को शिनाख्त हेतु बुलाया गया। दिनांक 14-04-2026 को परिजनों ने कपड़ों, जूतों एवं कद-काठी के आधार पर शव की पहचान दुर्गेश उर्फ काकू निवासी हिमरी, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में की।जांच के दौरान पाया गया कि मृतक की किसी के साथ कोई रंजिश या दुश्मनी नहीं थी तथा परिजनों ने भी मृत्यु को लेकर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृत्यु का कारण पानी में डूबना पाया गया है। मौके की परिस्थितियों से यह प्रतीत होता है कि सुन्नी-ततापानी मार्ग के कुछ स्थान क्षतिग्रस्त एवं जोखिमपूर्ण हैं तथा आसपास घने पेड़-पौधों के कारण अंधेरा रहता है, जिससे असावधानीवश पैर फिसलने के कारण नदी में गिरकर डूबने से मृत्यु हुई। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया गया है। इस संबंध में मर्ग कार्रवाई धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत अमल में लाई जा रही है।





