शिमला: पहाड़ों की गोद में बसा हिमाचल प्रदेश आज अपने 78 वर्षों की विकास यात्रा पर गर्व कर सकता है। 15 अप्रैल 1948 को अस्तित्व में आया यह छोटा सा राज्य देश के अन्य पहाड़ी राज्यों के लिए एक मॉडल बनकर उभरा है। प्राकृतिक संसाधनों, सीमित और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद हिमाचल ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे उसकी दूरदर्शी नीतियों और जनभागीदारी का परिणाम हैं। 21वीं सदी की शुरुआत के बाद हिमाचल की अर्थव्यवस्था ने जिस रफ्तार से उड़ान भरी, वह उल्लेखनीय है। 1971 में पूर्ण राज्य बनने के समय जहां प्रति व्यक्ति आय महज 651 रुपये थी, वहीं 2025-26 तक यह बढ़कर करीब 2.83 लाख रुपये पहुंच गई। खासतौर पर 2010-11 से 2020-21 के बीच 272 फीसदी की वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि राज्य ने योजनाबद्ध आर्थिक विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। पर्यटन, बागवानी, जलविद्युत और अब उभरते औद्योगिक क्षेत्र हिमाचल की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल की उपलब्धियां किसी मिसाल से कम नहीं हैं। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण जीवन प्रत्याशा दर बढ़कर 73.5 वर्ष तक पहुंच गई है, जबकि शिशु मृत्यु दर घटकर 14 रह गई है। यह दर्शाता है कि राज्य ने विकास को केवल नार्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि मानवीय विकास को प्राथमिकता दी। पहाड़ों में विकास की असली पहचान कनेक्टिविटी से होती है। गांव-गांव तक सड़के पहुंचाने, हेलीपोर्ट निर्माण और होमस्टे योजनाओं के विस्तार ने पर्यटन को नई गति दी है। योजनाओं के डिजिटलीकरण और इंटरनेट कनेक्टिविटी के विस्तार ने ग्रामीण जीवन को भी आसान बनाया है। अब सरकारी सेवाएं लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही हैं। पर्यावरण संरक्षण हिमाचल की पहचान रहा है। अब राज्य जल आधारित ऊर्जा पर निर्भरता कम कर सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रहा है। 78 वर्षों की यात्रा में हिमाचल प्रदेश ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद इच्छाशक्ति और सही नीतियों के दम पर विकास संभव है। अब सरकार को जरूरत है कि यह राज्य आर्थिक आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संतुलन के बीच सामंजस्य बनाते हुए आगे बढ़ा जाए। हिमाचल आज सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि संघर्ष, संतुलन और सफलता की जीवंत मिसाल बन चुका है।





