लाइव हिमाचल/कसौली/हेमेंद्र कंवर: पूर्व बीडीसी मेम्बर और वरिष्ठ भाजपा नेत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक और युगांतरकारी निर्णय बताते हुए कहा कि इस कानून के माध्यम से देश की महिलाओं को राजनीति में सशक्त भागीदारी और नेतृत्व का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सितंबर 2023 में पारित यह संवैधानिक संशोधन लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करता है, जो भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। पुष्पिंदर कौर ने कहा कि यह केवल आरक्षण का विषय नहीं, बल्कि देश के भविष्य और समावेशी विकास से जुड़ा हुआ निर्णय है।
जब महिलाएं नेतृत्व में आती हैं, तो शासन अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनता है। उन्होंने कहा
कि देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।देश में लगभग 47 करोड़ महिला मतदाता है।वहीं पंचायतों में यह आंकड़ा लगभग 46 % है। लेकिन इसके बावजूद संसद और विधानसभाओं में उनका प्रतिनिधित्व अभी भी सीमित है। इसी अंतर को खत्म करने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम आवश्यक है।इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए व महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।जिनमें 10 करोड़ उज्ज्वला कनैक्शन,14 करोड़ घरों को जल जीवन मिशन के तहत पेयजल, मुद्रा योजना व महिलाओं के लिए मुद्रा लोन योजना सशक्तिकरण के प्रमुख उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि अब अगला कदम महिलाओं को नीति निर्माण में बराबरी का अधिकार देना है। महिलाएं अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति निर्माण की भागीदार बनेंगी। यही इस अधिनियम की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस अधिनियम को जल्द लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
क्योंकि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत को अधिक समावेशी, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है।





