सोलन: आम आदमी पार्टी सोलन विधानसभा की महत्वपूर्ण बैठक आज विश्राम गृह सोलन में आयोजित की गई। इस बैठक में संगठनात्मक विस्तार एवं आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान कई प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड से चुनाव लड़ने हेतु अपनी सहमति एवं विचार व्यक्त किए। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पार्टी सभी सत्रह वार्डों में अपनी सशक्त दावेदारी प्रस्तुत करेगी। वहीं जनहित से जुड़े लोगों से पार्टी की विचारधारा के अनुरूप अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों से चुनाव लड़ने हेतु नाम देने का आह्वान किया गया। खासकर महिला प्रत्याशियों से भी आगे आकर दावेदारी प्रस्तुत करने की अपील की गई, ताकि सोलन की जनता के समक्ष एक मजबूत विकल्प रखा जा सके।
बैठक के दौरान लगभग 25 युवाओं ने आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के शिमला लोकसभा के सह प्रभारी श्री दीपक झा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अपने विचार रखे और आगामी चुनावों के लिए रणनीति पर मंथन किया।





