Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश में अब चिट्टा तस्करी में एमबीबीएस डॉक्टर गिरफ्तार, इंजेक्शन के जरिये लेता था डोज…

हिमाचल प्रदेश में अब चिट्टा तस्करी में एमबीबीएस डॉक्टर गिरफ्तार, इंजेक्शन के जरिये लेता था डोज…

नाहन: हिमाचल प्रदेश में चिट्टे की तस्करी और सेवन के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. हालात बेकाबू हो गए हैं. लगातार चिट्टे के मामले पकड़े जा रहे हैं और इसमें पुलिस वालों से लेकर सरकारी कर्मचारी भी संलिप्त पाए गए हैं. अब ताजा मामले में एक एमबीबीएस डॉक्टर की गिरफ्तारी हुई है. जानकारी के अनुसार, सिरमौर पुलिस ने जिले के हरिपुरधार के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के डॉक्टर को गिरफ्तार किया है. आरोपी डॉक्टर चिट्टे का सेवन करता था और उसने चिट्टे की खरीदारी के लिए दो युवकों को भेजा था. दरअसल, सिरमौर पुलिस ने बीते 31 मार्च को 6.68 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था. दोनों युवकों ने पुलिस पूछताछ में डॉकटर का नाम उगला और बताया कि नाहन के डॉ. आदित्य ने उन्हें चिट्टा खरीदने के लिए भेजा था. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी डॉक्टर ने ही दो युवकों अभिमन्यु ठाकुर और भानु गर्ग को स्कूटी पर चिट्टा लाने हरियाणा के अंबाला के नारायणगढ़ भेजा था. हालांकि, दोनों को लौटते वक्त सिरमौर पुलिस ने धर लिया. पुलिस जांच में डिजिटल लेनदेन और व्हाट्सएप चैट जैसे सुबूत मिले हैं और इस आधार पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को अरेस्ट कर लिया। मीडिया से बातचीत में एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी डॉक्टर साल 2020 से ड्रग एडिक्ट है और इंजेक्शन के जरिये नशा लेता है. पुलिस ने 31 मार्च को चंडीगढ़-देहरादून एनएच पर कांगनवाला नेचर पार्क के पास स्कूटी सवार दो युवकों भानु गर्ग और अभिमन्यु ठाकुर को 6.68 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया था.  पुलिस अब मुख्य आरोपी की तलाश के लिए हरियाणा जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *