लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार की ‘प्राइड ऑफ़ हिल्स – स्पेशल डेवलपमेंट असिस्टेंस फ़ॉर हिल स्टेट्स’ (SASCI 2026-27) योजना के तहत मिली ₹3,920 करोड़ की सहायता को स्थानीय विकास के लिहाज़ से बड़ा अवसर बताते हुए पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि इस पैकेज का सीधा लाभ सोलन सहित प्रदेश के हर जिले को मिलेगा। इस वित्तीय सहायता से सोलन जैसे उभरते शहरी क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क, पेयजल योजनाएं, स्वास्थ्य सुविधाएं और शैक्षणिक ढांचे को मजबूती मिलेगी। इससे न केवल लोगों की रोजमर्रा की समस्याएं कम होंगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना पहाड़ी क्षेत्रों की विशेष जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जिससे संतुलित और टिकाऊ विकास सुनिश्चित होगा।
युवाओं और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पूर्व मंत्री ने ये भी कहा कि इस सहायता का एक बड़ा हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर और स्किल डेवलपमेंट पर खर्च होने से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाओं से उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा जिससे सोलन औद्योगिक हब के रूप में और मजबूत होगा।
केंद्र-राज्य समन्वय की जरूरत
पूर्व मंत्री राजीव सैजल ने कहा कि इस तरह की योजनाओं का पूरा लाभ तभी मिलेगा जब राज्य सरकार इन्हें जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करे। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि राजनीति से ऊपर उठकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दे, ताकि आम जनता तक इस सहायता का पूरा लाभ पहुंच सके। उन्होंने विश्वास जताया है कि यदि इस राशि का सही उपयोग किया गया तो आने वाले वर्षों में हिमाचल प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और सोलन जिला इसमें अग्रणी भूमिका निभाएगा।





