नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का उद्घाटन किया. साथ ही एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल का भी लोकार्पण किया है. इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय के नारों के साथ की. उन्होंने लोगों से कहा, अपना मोबाइल निकालकर उसकी फ्लैश लाइट जलाकर और आप इसका उद्घाटन करिए. पीएम मोदी ने कहा कि ये आपकी अमानत और आपका भविष्य है. उद्घाटन के बाद सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आज मेरे लिए गर्व और प्रसन्नता के दो कारण हैं. एक तो ये है कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास भी करने का सौभाग्य आप सबने मुझे दिया था. और आप सबने इस एयरपोर्ट के उद्घाटन का सौभाग्य भी मुझे दिया है. लेकिन मैंने उस सौभाग्य को आपके साथ बांट दिया और आपके हाथों उद्घाटन करवा दिया. दूसरा- जिस यूपी ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुना, जिस यूपी ने मुझे सांसद बनाया, उसकी पहचान के साथ इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है. यहां से दुनिया के लिए विमान तो उड़ेंगे ही, साथ ही विकसित यूपी की उड़ान का भी प्रतीक बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘मैं यूपी को विशेष रूप से पश्चिमी यूपी की जनता को इस भव्य एयरपोर्ट के लिए बहुत बहुत बधाई देता हूं. आज का ये कार्यक्रम भारत के नए मिजाज का प्रतीक है।
पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातेंः-
1. आज पूरा विश्व कितना चिंतित है, पश्चिम एशिया में एक महीने से युद्ध चल रहा है, युद्ध की वजह से कई सारे देशों में खाने-पीने के सामान, पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद, ऐसी कई जरूरी चीजों का चारों तरफ संकट पैदा हो गया है. देश इस संकट का सामना करने के लिए प्रयास कर रहा है. इस संकट का पूरी शक्ति से मुकाबला कर रहा है. देशवासियों के ताकत के भरोसे कर रहा है. भारत बहुत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से मंगाता है. इसलिए सरकार हर वो कदम उठा रही है, जिससे सामान्य परिवारों पर, हमारे किसान भाइयों पर, इस संकट का बोझ न पड़े.
2. संकट के इस समय में भी, भारत ने अपने तेज विकास को निरंतर जारी रखा है. मैं सिर्फ पश्चिमी यूपी की बात करूं तो पिछले कुछ हफ्ते में ही ये चौथा बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसका शिलान्यास या लोकार्पण हुआ है. कुछ ही हफ्तों में इस दौरान नोएडा में बहुत बड़ी सेमीकंडक्टर फैक्ट्री का शिलान्यास हुआ. इसी दौरान देश की पहली दिल्ली-मेरठ नमो भारत ट्रेन ने गति पकड़ी. इसी कालखंड में मेरठ मेट्रो का विस्तार किया गया. और इतने कम समय में आज नोएडा एयरपोर्ट का आप सबके हाथों से उद्घाटन भी हो गया.
4. पहले की सरकारों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है. इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने 2003 में फाइल में मंजूरी दे दी थी. लेकिन एयरपोर्ट नहीं बना. केंद्र में कांग्रेस और यहां की पहले की सरकारों ने सालों तक इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी. 2004 से 2014 तक ये एयरपोर्ट फाइलों में ही दबा रहा. जब हमारी सरकार बनी तो यूपी में सपा की सरकार थी. शुरू के दो तीन सालों ने सपा वालों ने इस पर काम नहीं होने दिया. लेकिन जैसे ही यहां बीजेपी-एनडीए की सरकार बनी, दिल्ली में एनडीए की सरकार बनी, तो जेवर एयरपोर्ट की नींव भी पड़ी, निर्माण भी हुआ और अब ये शुरू भी हो गया है.
5. एयरपोर्ट के अलावा, ये क्षेत्र देश के दो बड़े फ्रेट कॉरिडोर का भी हब बन रहा है. ये कॉरिडोर मालगाड़ियों के लिए बिछाई गई स्पेशल पटरियां हैं. इससे उत्तर भारत की बंगाल और गुजरात के समंदर से कनेक्टिविटी बेहतर हो गई है. दादरी वो स्थान है, जहां ये दोनों कॉरिडोर आपस में मिलते हैं. यानी, यहां किसान जो उगाते हैं, उद्योग जो कुछ बनाते हैं, वो जमीन से और हवाई मार्ग से दुनिया के कोने-कोने तक जा पाएगा. ऐसी मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के कारण यूपी दुनियाभर के निवेशकों के लिए बहुत बड़ा आकर्षण बन रहा है.
6. जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है कि यहां सपा सरकार थी, मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो यहां के मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो इस कार्यक्रम में नहीं आए. मुझे भी डराने की कोशिश की. नोएडा मत जाओ अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हो. मैंने कहा कि मैं इस पावन धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगा. अब वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है. ये पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा कर रहा है.
7. इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में खेती-किसानी का बहुत महत्व है. यह उन मेरे किसान भाइयों का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को साकार करने के लिए अपनी जमीनें दी हैं. मेरे किसान भाई-बहन आपके इस योगदान से ही इस पूरे क्षेत्र में विकास का नया दौर शुरू होने जा रहा है. आधुनिक कनेक्टिविटी का जो विस्तार यहां हो रहा है, उससे पश्चिमी यूपी में फूड प्रोसेसिंग की संभावनाओं को और जोर मिलेगा. अब यहां के उतपाद दुनिया के बाजारों में और तेजी से पहुंच पाएंगे.
8. मैं अपने किसान साथियों का एक और बात के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं. आपके गन्ने से जो इथेनॉल बनाया गया है, उससे कच्चे तेल पर देश की निर्भरता कम हुई है. अगर इथेनॉल का उत्पादन न बढ़ता, पेट्रोल में ब्लेंडिंग न बढ़ती तो देश को हर साल 4.5 करोड़ बैरल यानी लगभग 700 करोड़ लीटर कच्चा तेल विदेशों से मंगवाना पड़ता. किसानों के परिश्रम ने देश को इस संकट के समय में इतनी बड़ी राहत दी है. इथेनॉल से देश को तो फायदा हुआ ही है. किसानों को भी बहुत बड़ा लाभ हुआ है. डेढ़ लाख करोड़ की विदेशी मुद्रा बची है. इथेनॉल न बनाते तो ये पैसा विदेश जाना तय था. बीते सालों में इतना सारा पैसा देश के किसानों को मिला है. गन्ना किसानों को मिला है. यहां के गन्ना किसानों ने तो पहले के वो दिन भी देखे हैं, जब कई सालों तक गन्ने का बकाया लटका रहता था. लेकिन आज भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गन्ना किसानों से स्थिति बेहतर हुई है.
9. किसी भी देश में एयरपोर्ट सिर्फ सामान्य सुविधा नहीं होता, ये प्रगति को भी उड़ान देते हैं. 2014 से पहले देश में सिर्फ 74 एयरपोर्ट थे, आज 160 से ज्यादा एयरपोर्ट हैं. अब महानगरों के अलावा देश के छोटे-छोटे शहरों में भी हवाई कनेक्टिविटी पहुंच रही है. पहले जो सरकारें रही हैं, वे मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों के लिए ही होनी चाहिए. लेकिन बीजेपी सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए हवाई यात्रा को आसान बना दिया है. हमारी सरकार ने यूपी में हवाई अड्डों के नेटवर्क का तेजी से विस्तार करते हुए उनकी संख्या बढ़ाकर 17 कर दिया है.
10. बीजेपी सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि एयरपोर्ट भी बने और किराया-भाड़ा भी सामान्य परिवारों की पहुंच में रहे. इसलिए हमने उड़ान योजना शुरू की थी. इस स्कीम के कारण बीते कुछ सालों में 1.60 करोड़ देशवासियों ने उड़ान योजना से टिकट लेकर सस्ती दरों पर हवाई यात्रा की है. हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है. इसके लिए लगभग 29 हजार करोड़ की स्वीकृति दी गई है. आने वाले सालों में इसके तहत छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है. यूपी को भी इससे बहुत लाभ होगा.





