धर्मशाला: पर्यटन नगरी धर्मशाला-मकलोडगंज की अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ट्रैकिंग साइट त्रियूंड में बिना पर्ची ट्रैकिंग पर पांच हजार जुर्माना लगाया जाएगा। अब त्रियूंड के चार रास्तों पर चैक पोस्ट से हर आने-जाने पर नजर रखी जाएगी, जिससे चोर-रास्तों से आवाजाही का सिस्टम पूरी तरह से खत्म किया जा सकें। इतना ही नहीं, वन विभाग धर्मशाला मंडल की ओर से चारों चैकपोस्ट साइट्स को निजी हाथों में ठेके पर प्रदान किया जाएगा, जिसमें भी प्रति पर्यटक 200 रुपए शुल्क अनिवार्य रखा जाएगा। वन विभाग ने मौसम के बिगड़े मिजाज बर्फबारी-बारिश के बीच ट्रैकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है, जिससे किसी भी अनहोनी घटना से बचा जा सकें। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल मकलोडगंज का रमणीक पर्यटक स्थल हाईकर्स व ट्रैकर्स की पहली पसंद है। त्रियूंड जाने के लिए विभाग की ओर चार रास्तों पर चैक पोस्ट बनाए गए हैं, जिसमें गलू मंदिर, भागसूनाग वॉटर फॉल, धर्मकोट व अब चोहला बनगोटू के रास्ते में भी चैक पोस्ट स्थापित कर दी गई है।





