शिमला. हिमाचल प्रदेश में बजट सत्र का आगाज हो गया है और गुरुवार को सत्र का दूसरा दिन है. गुरुवार को सदन की कार्यवाही से पहले विपक्ष ने प्रदर्शन किया. बीजेपी विधायक तख्तियां लेकर पहुंचे और प्रदेश सरकार पर माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया. नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ माफिया दनदना रहा है और माफिया का आतंक बढ़ गया है और घटनाओं की सूची लंबी है. प्रदेश में ड्रग माफिया, खनन माफिया, कबाड़ माफिया, शराब माफिया और वन माफिया समेत कई तरह के माफिया सक्रिय हैं. सिरमौर में वन माफिया का ताजा उदाहरण सामने है, जहां 25 पेड़ो के काटने की परमिशन थी, लेकिन 300 से ज्यादा पेड़ काटे गए. पेड़ काटने वाला कांग्रेस का करीबी है, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं की गई. सरकार की ओर से खुली छूट मिली है. जंगल काटे जा रहे हैं और बेचे जा रहे है. उधऱ, पीएम मोदी पर सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर गगरेट के कांग्रेस नेता अनिल डडवाल की गिरफ्तारी का मुद्दा हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शून्यकाल में गूंजा. गगरेट से कांग्रेस विधायक राजेश कालिया ने मुद्दा उठाया और प्रदेश सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की. राकेश कालिया ने सदन में कहा कि ये अभिव्यक्ति की आजादी का मामला है और पहले जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में दिल्ली पुलिस ने गैर जमानती धाराओं में एफआईआर की ओर फिर जेल में डाला गया, ये सही नहीं है. कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू ने भी राकेश कालिया का समर्थन किया. इससे पहले, बुधवार को सत्र के पहले दिन भाजपा ने सरकार को घेरा तो सीएम सुक्खू ने जवाब दिए।





