कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा से देश की राजधानी दिल्ली तक की राह अब सुगम होगी। केंद्र सरकार ने जिला के रानीताल से अंब-ऊना-मैहतपुर एनएच को फोरलेन बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग 503 अब एनएचएआइ का हो गया है। अभी तक लोक निर्माण विभाग का एनएच विंग इसकी देखरेख कर रहा था। केंद्र सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अब इस सड़क के फोरलेन बनने का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि कुछ और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 503 के दो खंड हैं। पहले खंड में ऊना-अंब-मुबारकपुर-रानीताल है। इसकी कुल लंबाई 99 किलोमीटर है। दूसरा खंड मटौर-धर्मशाला-मैक्लोडगंज खंड है। इसकी कुल दूरी 22 किलोमीटर है। मुबारकपुर-रानीताल राष्ट्रीय राजमार्ग को अगस्त 2009 में राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिला था। इससे पहले यह स्टेट हाईवे 22 हुआ करता था। स्तरोन्नत होने के बाद से प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग का एनएच विंग इसकी देखरेख कर रहा था। अब केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर ऊना-रानीताल मार्ग को एनएचएआइ को सौंप दिया है। एनएच विभाग ने इसे एनएचएआइ (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इस माह के अंत तक सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। एनएचएआई हमीरपुर के प्रोजेक्ट मैनेजर भूपिंदर सिंह ने अधिसूचना जारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द बाकी औपचारिकताएं पूरी कर काम शुरू कर दिया जाएगा।





