Home » Uncategorized » मंडी में आज मनाई जाएगी होली: सेरी मंच पर हजारों लोग एक-दूसरे को लगाएंगे गुलाल…

मंडी में आज मनाई जाएगी होली: सेरी मंच पर हजारों लोग एक-दूसरे को लगाएंगे गुलाल…

शिमला: हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी मंडी में होली पर्व को आज हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया जाएगा। ऐतिहासिक सेरी मंच पर आज सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक हजारों लोग एकत्रित होकर गुलाल उड़ाएंगे और सामूहिक रूप से रंगोत्सव का आनंद लेंगे। पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। मंडी की होली अपनी विशिष्ट परंपराओं के कारण प्रदेशभर में अलग पहचान रखती है। यहां बिना परिचय के किसी को रंग नहीं लगाया जाता और न ही जबरन रंग डालने की परंपरा है। आपसी सम्मान और मर्यादा पर आधारित यह परंपरा मंडी की होली को अन्य स्थानों से विशिष्ट बनाती है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग सेरी मंच पर एकत्र होकर सामूहिक रूप से इस उत्सव को मनाते हैं। इतिहासकार डॉ. दिनेश धर्मपाल के अनुसार, मंडी शैव और वैष्णव परंपरा का अद्वितीय संगम है, जहां भगवान शिव और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष रूप से आराधना की जाती है। होली के अवसर पर माधव राय मंदिर परिसर में पीतल के विशाल पात्रों में रंग तैयार किए जाते हैं। मान्यता है कि प्राचीन काल में राजा अपने दरबारियों के साथ यहां होली खेलते थे और घोड़े पर सवार होकर प्रजा के बीच पहुंचते थे। यह ऐतिहासिक परंपरा आज भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *