Home » Uncategorized » हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट की मार; न भर्ती, न सब्सिडी…RDG बंद होने से सरकार के हाथ बंधे…

हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट की मार; न भर्ती, न सब्सिडी…RDG बंद होने से सरकार के हाथ बंधे…

शिमला: हिमाचल प्रदेश में वित्तीय संकट गहराता नजर आ रहा है. राज्य में हालात फ़ाइनेंशियल इमरजेंसी जैसे बनते जा रहे हैं. रविवार को हुई मंत्रिमंडल बैठक के बाद वित्त सचिव देवेश कुमार ने Revenue Deficit Grant (RDG) बंद होने को लेकर एक विस्तृत प्रजेंटेशन पेश किया, जिसमें राज्य सरकार के सामने गंभीर चुनौतियां रखी गईं.वित्त विभाग ने सरकार को सुझाव दिया है कि प्रदेश में दी जा रही विभिन्न सब्सिडी को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाए. वित्त सचिव ने साफ किया कि RDG बंद होने के बाद सरकार न तो पेंशन एरियर का भुगतान कर पाएगी और न ही हिम केयर और सहारा योजना के लंबित भुगतानों को निपटा सकेगी. इसके साथ ही सोशल सिक्योरिटी पेंशन की समीक्षा करने, OPS की जगह UPS लागू करने और दो साल से खाली पड़े पदों को समाप्त करने का भी सुझाव दिया गया है. वित्त विभाग ने स्पष्ट किया कि मौजूदा हालात में प्रदेश में किसी भी तरह की नई भर्ती संभव नहीं है और न ही नया वेतन आयोग लागू करने की स्थिति है. इसके अलावा HRTC बसों और बिजली बोर्ड से मिलने वाली बिजली पर दी जा रही सब्सिडी को भी खत्म करने का सुझाव दिया गया है. वित्त सचिव के मुताबिक, सभी सब्सिडी बंद करने और विकास कार्यों में भारी कटौती के बावजूद भी अगले वित्त वर्ष में करीब 6 हजार करोड़ रुपये के राजस्व घाटे का अनुमान है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने RDG बंद होने को हिमाचल प्रदेश के लिए गंभीर नुकसान बताया. उन्होंने कहा कि यह किसी एक पार्टी की सरकार का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश से जुड़ा सवाल है. मुख्यमंत्री ने कहा कि GST लागू होने के बाद पहले ही राज्य को बड़ा नुकसान हुआ और अब RDG बंद होने से हालात और बिगड़ गए हैं। सीएम सुक्खू ने आरोप लगाया कि पंजाब और हरियाणा सरकारें हिमाचल का अधिकार छीन रही हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद BBMB एरियर का भुगतान नहीं किया जा रहा. उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार को 50 प्रतिशत तक पावर रॉयल्टी लेने की दिशा में कदम उठाने होंगे. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश पूरे देश को करीब 90 हजार करोड़ रुपये की वायु और पानी सेवा देता है, जिसके बदले राज्य को आर्थिक सहयोग मिलना चाहिए. सीएम सुक्खू ने केंद्र सरकार से मांग की कि या तो RDG बहाल की जाए या फिर हिमाचल को उसके वैधानिक अधिकार दिलवाए जाएं. उन्होंने कहा कि कैबिनेट में चर्चा के बाद जरूरत पड़ी तो सरकार सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी और यह लड़ाई कानूनी के साथ-साथ राजनीतिक स्तर पर भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *