सोलन: जिला में शुक्रवार को हुई व्यापक बर्फबारी और भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम के इस बिगड़े मिजाज के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। सोलन तहसील के गौल गांव में पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण 15 वर्षीय किशोरी हिमानी, पुत्री दुनी चंद की मृत्यु हो गई है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी है। इसके अलावा, कसौली तहसील में भी बर्फबारी और अंधड़ के कारण पेड़ गिरने से कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी उपमंडलाधिकारियों और तहसीलदारों को स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि बर्फबारी के कारण चायल मार्ग यातायात के लिए बाधित है। विद्युत बोर्ड के 1856 डी.टी.आर. बाधित होने के कारण कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत बोर्ड द्वारा सड़क बहाली एवं विद्युत आपूर्ति को शीघ्र सुचारू बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला में सभी स्थानों पर आवश्यक वस्तुओं का समुचित भण्डारण उपलब्ध है। ज़िला में शुक्रवार को व्यापक स्तर पर हुई बर्फबारी और वर्षा के दृष्टिगत ज़िला प्रशासन ने सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित बनाए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ज़िला के सभी उपमण्डलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य अधिकारियों को विषम परिस्थितियों के अनुरुप त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ज़िला के चायल, सोलन उपमण्डल के खनोग, कसौली, बड़ोग तथा करोल का टिब्बा सहित ऊंचाई वाले कुछ अन्य क्षेत्रों पर बर्फबारी की सूचना है। मनमोहन शर्मा ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि मौसम की स्थिति के अनुकूल ही यात्रा करें और मार्ग में सभी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यह वर्षा एवं बर्फबारी किसानों एवं बागवानों के लिए समुचित रूप से लाभदायक सिद्ध होगी।





