Home » Uncategorized » ‘अब हमें रिटायर हो जाना चाहिए’, नितिन गडकरी के बयान से मची सियासी हलचल, जानें क्या है इशारा?

‘अब हमें रिटायर हो जाना चाहिए’, नितिन गडकरी के बयान से मची सियासी हलचल, जानें क्या है इशारा?

नेशनल डेस्क: केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इशारों-इशारों में बड़ा बयान दिया है। नितिन गडकरी ने कहा है कि जब चीजें सुचारू रूप से चलने लगें तो पुरानी पीढ़ी को नई पीढ़ी के लिए रास्ता बना देना चाहिए। उन्होंने यह बात नागपुर में एडवांटेज विदर्भ-खासदार औद्योगिक महोत्सव के बारे में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। गडकरी ने इस बात पर जोर दिया कि युवा पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए और पुरानी पीढ़ी को धीरे-धीरे पीछे हटकर अन्य काम करने चाहिए। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, यह महोत्सव विदर्भ क्षेत्र को भारत के औद्योगिक नक्शे पर एक मजबूत विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने के मकसद से आयोजित किया जा रहा है। गडकरी इस महोत्सव के मुख्य संरक्षक हैं। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव तीसरी बार आयोजित हो रहा है और यह 6 से 8 फरवरी तक नागपुर में चलेगा। उन्होंने कहा कि विदर्भ क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों के बहुत अच्छे उद्यमी मौजूद हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गडकरी ने इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए औद्योगिक क्षेत्र, कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र और सेवा क्षेत्र बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने महोत्सव के आयोजक आशीष काले का उदाहरण देते हुए कहा कि काले ने एडवांटेज विदर्भ पहल में युवा पीढ़ी को शामिल किया है। मेरा मानना है कि धीरे-धीरे पीढ़ी भी बदलनी चाहिए। गडकरी ने कहा कि आशीष के पिता मेरे दोस्त हैं। अब हमें धीरे-धीरे रिटायर हो जाना चाहिए और जिम्मेदारी नई पीढ़ी को दे देनी चाहिए और जब गाड़ी ठीक से चलने लगे, तो हमें हट जाना चाहिए और कुछ और काम करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *