Home » Uncategorized » सोलन में इनर व्हील क्लब का वार्षिक निरीक्षण समाजसेवा की परियोजनाओं की चेयरमैन ने की सराहना…

सोलन में इनर व्हील क्लब का वार्षिक निरीक्षण समाजसेवा की परियोजनाओं की चेयरमैन ने की सराहना…

सोलन : इनर व्हील क्लब सोलन का वार्षिक निरीक्षण डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन इनर व्हील क्लब 308 पूजा गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्लब के रिकॉर्ड का गहन निरीक्षण किया तथा क्लब द्वारा वर्ष भर किए गए सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जिला अध्यक्ष ने कहा कि इनर व्हील क्लब सोलन समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वहीं निरीक्षण के दौरान क्लब की अध्यक्ष चारू चौहान, सचिव कुमुद ठाकुर, कोषाध्यक्ष पायल तोमर, आईएसओ रीना बाली तथा उपाध्यक्ष नलिनी प्रभाकर उपस्थित रहीं। सभी पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष को क्लब की गतिविधियों और परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके उपरांत जिला अध्यक्ष पूजा गोयल ने सोलन जिला न्यायालय परिसर के समीप स्थापित जल शोधक यंत्र का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और इस जनहितकारी परियोजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना समाज के लिए अत्यंत आवश्यक सेवा है। वहीं क्लब की अध्यक्ष चारू चौहान की अध्यक्षता एवं जिला अध्यक्ष पूजा गोयल के सान्निध्य में इनर व्हील क्लब सोलन द्वारा मौके पर ही कई सामाजिक परियोजनाओं का संचालन किया गया। क्लब द्वारा एक जरूरतमंद लड़की की शादी प्रायोजित की गई, एक जरूरतमंद व्यक्ति को सिलाई मशीन प्रदान की गई, वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पोस्ट वुमन (डाकिया) सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त आंगनवाड़ी के विद्यार्थियों के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को मेज, कुर्सी और खिलौने भी भेंट किए गए, जिससे बच्चों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर ज़ोनल चेयरपर्सन संगीता त्रेहन, ज़ोनल कोऑर्डिनेटर रेनू शर्मा, विमला शर्मा, आरती दुग्गल, नीलम साहनी, सविता शर्मा सहित क्लब की अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने क्लब की सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष पूजा गोयल ने क्लब की पूरी टीम को भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ समाजसेवा कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *